आगरा में भीषण हादसा, सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराया टेम्पो, एक की मौत, बच्चों सहित 10 घायल

😊 Please Share This News 😊
|
आगरा जिले के सैंया थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात को भीषण हादसा हो गया। यहां विरई चौराहे पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टेम्पो टकराने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों समेत 10 घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया है। घटनाक्रम के अनुसार शुक्रवार रात तकरीबन साढ़े 11 बजे आगरा की ओर से सैंया आ रहे टेम्पो ने हाईवे किनारे खड़े ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे में टेम्पो सवार महेश पुत्र नेकराम उम्र करीब 28 वर्ष निवासी हिरोड़ा थाना सैंया की मौके पर मौत हो गई। महेश राजमिस्त्री का काम करता था। हादसे में महेश के दो पुत्र विनय (8 वर्ष) और नहना (5 वर्ष), वीनेश पत्नी जितेंद्र, बरफो पत्नी चेतराम, पुष्पा पत्नी गौतम, निहाल देवी पत्नी चरन सिंह, महेंद्र पुत्र चरन सिंह के साथ मल्लो पुत्री जितेंद्र (2 वर्ष), जतिन (8 वर्ष) और काले (6 वर्ष) पुत्र जितेंद्र भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। टेम्पो में सवार आगरा के मधुनगर से जन्मदिन की पार्टी से वापस अपने गांव हिरोंडा जा रहे थे। बताया जा रहा है कि टेम्पो की रफ्तार तेज थी। विरई चौराहे पर टेम्पो अचानक अनियंत्रित हो गया, जिससे सड़क किनारे ट्रक से जा टकराया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |